मुंबई की ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से यात्रियों के लिए कंफर्म टिकटों की मारामारी बढ़ गई है। ऐसे में यात्री लगातार अतिरिक्त ट्रेनों की मांग कर रहे हैं, जिसे लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही और ट्रेनें चलाई जा सकती हैं।
त्योहार के बाद जहां दिल्ली, कोलकाता रूट की गाड़ियों में वेटिंग का सिलसिला कुछ कम हुआ है, वहीं मुंबई रूट की गाड़ियों में अभी भी मारामारी बनी हुई है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुष्पक की स्लीपर बोगी में गुरुवार से 112, 128, 113, 142, 138 और थर्ड एसी में 41, 46, 42, 56, 58 वेटिंग चल रही है। वहीं कुशीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में 124, 114, 109, 113 और थर्ड एसी में 21, 23, 31, 29 वेटिंग है, जबकि गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी 88, 98, 100, 110 और थर्ड एसी बोगी में गुरुवार से 43, 40, 47, 41 वेटिंग चल रही है।
कमोबेश लखनऊ से मुंबई के बीच चलने वाली नियमित ट्रेनों के साथ करीब छह फेस्टिवल स्पेशल गाड़ियां भी चलाई जा रही हैं। लखनऊ से मुंबई के बीच चलने वाली गाड़ियों में कंफर्म टिकटों की मारामारी के कारण ही टिकटों की दलाली बढ़ रही है।