लखनऊ। शहीद पथ स्थित लोहिया संस्थान के मातृ शिशु एवं रेफरल हॉस्पिटल में भीड़ के चलते एक बेड पर तीन-तीन प्रसूताओं को लिटाया जा रहा है। एक तीमारदार ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से इसकी शिकायत की है। उन्होंने संस्थान से जवाब मांगा है।
मातृ शिशु रेफरल हॉस्पिटल में 200 बेड हैं। इसके मुकाबले यहां मरीजों की संख्या हमेशा ज्यादा रहती है। इस वजह से एक बेड पर कई मरीज लिटाने पड़ते हैं। इसकी फोटो लेकर एक तीमारदार ने शिकायत दर्ज कराई है। डिप्टी सीएम ने प्रकरण की एक सप्ताह में जांच पूरी कर रिपोर्ट मांगी है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से सरकार की छवि धूमिल हो रही है और संस्थान की साख को भी नुकसान पहुंच रहा है। मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराएं और इसमें कोताही न बरती जाए। उपमुख्यमंत्री ने निदेशक को 15 दिन में एक बार हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया है।