मड़ियांव और अलीगंज पुलिस ने चोरी के आठ दोपहिया वाहन और लूटे गए छह मोबाइल फोन समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी उत्तरी शालिनी ने बताया कि वाहन चोरी में पकड़े गए बदमाश हसनगंज खदरा के बड़ी पकरिया निवासी व मूलरूप से बाराबंकी जैदपुर के रहने वाला सुहैल और शाहजहांपुर पुवाया का पवन शर्मा हैं। दोनों को अलीगंज इंस्पेक्टर फरीद अहमद ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने आठ बाइक व स्कूटी चोरी करने की बात कुबूल की हैं। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के वाहन बरामद भी कर लिए हैं। वाहन मालिकों से संपर्क किया जा रहा है। बदमाशों के खिलाफ अलीगंज कोतवाली में धोखाधड़ी, चोरी और शाहजहांपुर के पुवाया थाना में चोरी का माल बरामद होने के मुकदमे दर्ज हैं। अन्य जनपदों में भी दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जानकारी की जा रही है।
इसके अलावा मड़ियांव पुलिस ने फैजुल्लागंज स्थित कृष्णलोक कॉलोनी जैनब मस्जिद के पास रहने वाले अनिकेत पांडेय को पकड़ा है। मूलरूप से बाराबंकी के बड्डूपुर निवासी अनिकेत के पास से लूटे गए छह मोबाइल फोन व 110 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि अपने दोस्त यादूत के साथ मोबाइल छीनने की वारदातें करता था। उसने बताया कि राह चलते मोबाइल फोन पर बातचीत करने वालों को धक्का देकर उनका फोन छीनते थे। छीने गए मोबाइल राहगीरों को सस्ते दाम पर बेच देते थे। अनिकेत के साथी की तलाश की जा रही है।