लखनऊ। मड़ियांव में पुरानी रंजिश में शनिवार की शाम दबंगों ने तीन युवकों को ईंट मारकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इस मामले में 53 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
गायत्रीनगर निवासी एडवोकेट देश दीपक ने बताया कि वह अपने दोस्त शिवम निगम और दीपांशु शुक्ला के साथ अन्ना मार्केट से वेज रोल खाकर घर लौट रहे थे। रास्ते में शुभम मिश्र उर्फ लेफ्टी, आयुष सिंह, दीपक बंसल व अन्य साथियों ने पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर आरोपियों ने आसपास दुकानों के पास रखी ईंटों से उन पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। इसमें शिवम निगम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें चेहरे पर और दीपांशु शुक्ला के सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने थाने पहुंचकर पीड़ितों को धमकी दी और गाली-गलौज की। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि रविवार को तीन नामजद व 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।