तलवार के हमले से घायल छोटकन्ना, विपुल और रिंकू।
बख्शी का तालाब। इटौंजा के महोना नगर पंचायत वार्ड-7 में खूंटा गाड़ने के विवाद में मारपीट के दौरान तलवार से वार किया गया। इसमें विपुल रावत, रिंकू और उनकी मां छोटकन्ना लहूलुहान हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
विपुल रावत का आरोप है कि उनकी मां छोटकन्ना ने सड़क किनारे बुधवार सुबह खूंटा गाड़कर उसमें गाय, भैंस बांध दी थी। इस पर खुशीराम अपने बेटों लवकुश, आकाश और उनकी मां शिवदेवी के साथ आए और मां छोटकन्ना को गालियां देने लगे। आरोप है कि विरोध पर सभी ने लाठी-डंडा लेकर मां को दौड़ा लिया। आरोपी का एक बेटा तलवार लेकर आ गया, जिसके वार से विपुल, उनके भाई रिंकू और मां लहूलुहान हो गए। विपुल रावत ने लवकुश, आकाश, खुशीराम, पम्मू और सरोज के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। प्रभारी निरीक्षक इटौंजा मार्कंडेय यादव ने बताया कि विपुल की शिकायत पर केस दर्ज करते हुए लवकुश, आकाश और पम्मू को गिरफ्तार किया है।