सुल्तानपुर में दीवानी गेट के पास हुई चांद बाबू की हत्या शादीशुदा महिला से अवैध संबंध में की गई। महिला को हमवार करके पहले उसके सिपाही पति की प्रेमी ने हत्या कर दी। सिपाही की हत्या ने इतना तूल पकड़ा कि उसके भाई ने साथियों के साथ मिलकर पहले प्रेमी के पिता और फिर प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी। करीब ढाई साल में एक के बाद एक तीन हत्याओं ने रंजिश को और बढ़ा दिया है। पुलिस अब इस सिलसिले को रोकने के लिए योजना बना रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के घरहा खुर्द निवासी चांदबाबू पुत्र इबरार अहमद का गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सिरवारा गांव निवासी सिपाही फयूम की पत्नी परवीन से फोन पर शुरू हुआ प्यार परवान चढ़ा तो दोनों हमेशा एक-दूसरे के साथ रहने के सपने देखने लगे। परवीन शादीशुदा थी और उसको एक बेटा भी था।
परवीन का पति यूपी पुलिस में सिपाही था। ऐसे में पति के रहते उनका यह सपना पूरा होता नहीं दिख रहा था। इसलिए सिपाही फयूम को ही रास्ते से हटाने की योजना तैयार की गई। करीब ढाई साल पहले 2017 में सिपाही की हत्या कर उसके शव को मुसाफिरखाना के पास कदूनाला के फेंक दिया गया था।