तीन मेधावियों को मिली सहायता राशि
लखनऊ। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र राजेंद्र स्वरूप का परिवार पिछले 10 वर्षों से मेधावी विद्यार्थियों को सहायता राशि दे रहा है। इस बार बृहस्पतिवार को नीदरलैंड से आए परिवार ने उत्कृष्ट कुमार, दीपक शर्मा और ऋषभ यादव को सम्मानित किया। उन्हें भौतिकी और गणित में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 15-15 हजार रुपये के चेक दिए गए। ये तीनों कक्षा 11 की परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र हैं। राजेंद्र स्वरूप 1971 बैच के टॉपर थे और आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की थी। प्रधानाचार्य सुमित कुमार श्रीवास्तव के आग्रह पर परिवार पहली बार कॉलेज पहुंचा। परिवार ने कॉलेज के पुस्तकालय के जीर्णोद्धार के लिए भी आर्थिक सहयोग देने पर सहमति जताई। कार्यक्रम में राजेंद्र स्वरूप की पत्नी अर्चना स्वरूप, पुत्र चेतन स्वरूप, बहू ईना ओकांसका और बहन व प्रयागराज केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रोफेसर मधुरिमा वर्मा मौजूद रहीं।