राहुल धानुक व रंजीत कुमार की फाइल फोटो।
लखनऊ। शहर में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना इटौंजा, मड़ियांव और मानकनगर इलाके में हुई।
बाराबंकी के बाबागंज से धान लोड करके ट्रक चालक कन्नौज सैदपुर, कुसुमखेर निवासी सरवन (28) पंजाब जा रहे थे। बृहस्पतिवार रात लगभग दो बजे इटौंजा थाना क्रॉसिंग के पास उनका ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक में जा घुसा। हादसे में सरवन के ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह उसमें फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह केबिन काटकर सरवन को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। ट्रक के नंबर की मदद से पुलिस ने मालिक से संपर्क कर सरवन की पहचान की और खबर परिजनों को दी। हादसे के चलते घटनास्थल पर जाम लग गया। पुलिस ने जेसीबी और हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त हुए सरवन के ट्रक को सड़क से किनारे कराकर यातायात बहाल कराया। हादसे के वक्त सरवन के साथ ट्रक में मौजूद हेल्पर सुल्तानपुर तेरियां पकौली निवासी दीपक भी घायल हो गए।
इसके अलावा लखीमपुर के लोखनिया के रहने वाले रंजीत कुमार (32) मड़ियांव स्थित खदरी क्रॉसिंग के पास किराये के मकान में पत्नी शारदा तीन बेटी एक बेटे के साथ रहकर मजदूरी करते थे। भाई प्रमोद ने बताया कि रंजीत शुक्रवार सुबह मजदूरी के लिए घर से पैदल निकले थे। घर से कुछ दूर ही पहुंचे थे, तभी तेज रफ्तार कार की टक्कर से उछल कर सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद भाग रहे कार चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। साथियों की मदद से रंजीत को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि पीड़ित परिवार ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
वहीं पारा के देवपुर नई बस्ती का रहने वाले राहुल धानुक (22) ई रिक्शा चलाते थे। उनके पिता श्यामू ने बताया बेटा बृहस्पतिवार रात ई रिक्शा चलाने के लिए गया था। रात करीब नौ बजे मानकनगर स्लीपर ग्राउंड के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे लोकबंधु अस्पताल पहुंचा, जहां उसकी मौत हो गई। परिवार में मां अनीता हैं। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे।