कोहरे के चलते मंगलवार को भी हवाई यातायात प्रभावित रहा। लखनऊ से दिल्ली एवं अहमदाबाद जाने वाली तीन फ्लाइटों को निरस्त कर दिया गया। जबकि लखनऊ-दिल्ली सहित अन्य महानगरों के बीच आवागमन करने वाली एक दर्जन भर फ्लाइटें लेट रहीं। इससे नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया।
अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम हो गई। सुबह करीब 6:30 बजे राजधानी से दिल्ली जाने वाली व शाम करीब 4 बजे अहमदाबाद जाने वाली गोएयर की फ्लाइट और शाम 5:30 बजे दिल्ली जाने वाली विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट निरस्त कर दी गई।
उधर, दिल्ली से सुबह 4:30 बजे लखनऊ आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट करीब डेढ़ घंटा देरी से अमौसी एयरपोर्ट पहुंची। इस प्रकार हैदराबाद से सुबह 8:30 बजे आने वाली इंडिगो की फ्लाइट एक घंटे, रियाद से सुबह नौ बजे आने वाली फ्लाई नेक्स की फ्लाइट पांच घंटे, अपराह्न 3:15 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट एक घंटा लेट हुई।