लखनऊ। साइबर थाने में एजिस कस्टमर सपोर्ट सर्विसेज कंपनी के तीन कर्मचारियों पर 79.38 लाख की ठगी का केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई एजिस के प्रशासन एवं सुविधा अधिकारी विकास अहलावत की शिकायत पर की है।
हजरतगंज स्थित मीराबाई मार्ग पर एजिस कस्टमर सपोर्ट सर्विसेज प्रा.लि. कंपनी का दफ्तर है। विकास के मुताबिक कंपनी में फ्लिपकार्ट ग्राहक सेवा प्रक्रिया के तहत राजस्थान के अजमेर का राहुल जोनवाल, आंध्र प्रदेश के कुरनूल का शेख अब्दुल खादर जिलानी व पश्चिम बंगाल के परगना का तस्सारून नाजरीन वर्क फ्रॉम होम के तहत काम करते थे। इन्हें कंपनी ने फ्लिपकार्ट कंसोल नामक सॉफ्टवेयर दिया था। इससे ग्राहकों के ऑर्डर ट्रैकिंग और डिलीवरी की जानकारी के साथ ही उनकी मदद करनी होती थी। सॉफ्टवेयर में डिलीवरी के लिए निकले ऑर्डर को आरटीओ (रिटर्न टू ओरिजिन) के रूप में भी चिह्नित करने का भी विकल्प रहता था।
ग्राहक भी मिलीभगत में शामिल
विकास ने बताया कि तीनों ने सॉफ्टवेयर में हेराफेरी की। फिर कुछ ग्राहकों से मिलीभगत कर उनसे सामान ऑर्डर करा दिया। डिलीवरी के बाद तीनों ने सॉफ्टवेयर में रिफंड की बात चढ़ा दी। इस तरह कंपनी को 79.83 लाख रुपये की हानि हुई।