नोएडा में तीन सौ मीटर से ऊंची इमारतों में आग लगने पर उन्हें बुझाने के लिए विशेष हेलीकाप्टरों की मदद लिए जाने का विचार है।
यह सुझाव उत्तर प्रदेश अकादमी व मैनेजमेंट संस्थान में सोमवार से शुरू हुए अग्निशमन अधिकारियों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में दिया गया।
‘आग लगने की चुनौतियां’ विषय पर आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन फायर सर्विसेस के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण सिंह ने किया।
इस दौरान यह सवाल उठा कि अगर नोएडा में बन रही अथवा निर्मित तीन सौ मीटर से ऊंची इमारत में आग लग जाए तो उस पर कैसे काबू पाया जाए।
इस पर यूरोकॉप्टर इंडिया के अधिकारियों ने ऐसी दशा में आग बुझाने को हेलीकॉप्टर का प्रयोग करने जाने का सुझाव दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों को भी बुलाया गया था, जिन्होंने अलग-अलग तरीके से आग बुझाने के उपायों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्य अग्निशमन अधिकारी गोपाल मिश्र, एयरपोर्ट अथॉरिटी के महाप्रबंधक सुभाष कुमार, सीआईएसएफ में डीआईजी फायर केसी बाधवा, सीबीआरआई के डॉ. सौरभ जैन, एफएम ग्लोबल के सुमित खन्ना समेत कई लोग शामिल हुए।