नगर निगम के तीन संविदाकर्मी कर रहे थे लूट
लखनऊ। नगर निगम जोन-5 में संविदा पर तैनात तीन सफाई कर्मचारी रेकी कर राहगीरों से लूट कर रहे थे। कृष्णानगर पुलिस ने मंगलवार को तीनाें को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की बाइक, लूटा हुआ पर्स और दस हजार रुपये बरामद हुए हैं।
इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कनौसी निवासी कृष्ण कुमार, समीर कुमार उर्फ विशाल और सौरभ धानुक है। गिरोह का सरगना कृष्ण कुमार है। स्नेहनगर निवासी अपोलो श्रीवास्तव ने लूट का केस दर्ज कराया था। रविवार को अपोलो वीआईपी रोड पर मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। तभी तीनों आरोपियों ने उनका पर्स लूट लिया था। मंगलवार को तीनों आरोपियों को पंडितखेड़ा के पास से पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चार अप्रैल को पकरी पुल के पास से महिला से पर्स व 19 अक्तूबर को सेक्टर-डी में महिला की चेन लूटी थी। सारी वारदातें चोरी की बाइक से की थीं। बाइक 15 अक्तूबर को कानपुर के श्यामनगर से चोरी की थी। आरोपी लूट का माल कम दाम में राहगीरों को बेच देते थे।