लखनऊ। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली निगम ने जांच और शिकायत निस्तारण अभियान चलाया। गोमतीनगर में 22 परिसरों की जांच के दौरान तीन उपभोक्ताओं को अनधिकृत रूप से बिजली का इस्तेमाल करते पकड़ा गया। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वहीं, मेगा कैंप और अनुरक्षण कार्यों के जरिये उपभोक्ताओं की 478 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
अभियान के तहत गोमतीनगर क्षेत्र में 22 परिसरों की जांच की गई। इस दौरान सूरज वाजपेयी, रविंद्र नाथ अवस्थी और प्रिया सिंह को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। इनके विरुद्ध कार्रवाई की गई है। गोमतीनगर के मेगा कैंप में 35 शिकायतें मिलीं, जिनमें 26 का मौके पर समाधान किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, एक से 18 अगस्त तक 490 शिकायतें मिलीं जिनमें से 478 का निस्तारण किया गया
31 अगस्त तक कैंप में बताएं समस्याएं
अमौसी क्षेत्र में 31 अगस्त तक शिविर लगाए जा रहे हैं। इसमें उपभोक्ता अपनी समस्याओं को दर्ज करवा सकते हैं। मंगलवार को विभिन्न शिविरों में 32 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 28 का मौके पर समाधान किया गया।
हेल्पलाइन पर भी शिकायतों का निस्तारण
1912 हेल्पलाइन पर मीटर से संबंधित 47, बिजली आपूर्ति की 46 और बिल से जुड़ी 30 शिकायतें दर्ज हुईं। अधिकारियों का दावा है कि सभी शिकायतों का समाधान कर दिया गया।