मोहम्मपुर गढ़ी गांव स्थित गौशाला के पास दो दिन पहले कुछ मवेशियों के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं तीन अन्य आरोपियों की तलाश मे पुलिस दबिश दे रही है।
गोसाईंगंज के मोहम्मदपुर गढ़ी में मिले कुछ मवेशियों के अवशेष के मामले में ग्राम प्रधान रामसरन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर धीरेन्द्र प्रताप कुशवाहा के मुताबिक, मंगलवार को नगराम रोड पर मोदीनगर के पास से घेराबंदी कर मोहम्मदपुर गढ़ी की घटना के आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से एक 12 बोर तमंचा, कारतूस, एक चाकू, बांका और एक बाइक बरामद की। गोसाईंगंज के पंचसरा गांव निवासी रेहान, जाबिर और बाराबंकी के असन्दरा थाना क्षेत्र के जुबेर को पकड़ कर जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर के मुताबिक, तीनों आरोपी पंचसरा गांव के बब्बन, शिवलर गांव के अख्तर और बाराबंकी के सतरिख थाना क्षेत्र के कजियाना निवासी सोन उर्फ फ़ैज के साथ मिलकर आठ नवम्बर की रात मोहम्मदपुर गढ़ी गांव के बाहर दो मवेशियों को काटकर मांस उठा ले गए थे। फरार तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम मे उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, जय सिंह, फिरोज आलम सिद्दीकी, दिलशाद चौधरी के अलावा कांस्टेबल सुरेन्द्र कनौजिया व विश्वनाथ शामिल रहे।