लखनऊ। पुलिसकर्मी बनकर स्पोर्ट्स कॉलेज के पूर्व शिक्षक को 27 अगस्त को कॉल कर ठगने के तीन आरोपियों को गुडंबा पुलिस ने रविवार दोपहर स्कॉर्पियो क्लब से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पीड़ित को दुर्घटना के मामले में बेटे आकाश को गिरफ्तार करने का डर दिखाया था। इनके पास से घटना में इस्तेमाल सिम कार्ड, मोबाइल व एटीएम कार्ड बरामद हुआ है।
इंस्पेक्टर नितीश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सरोजनीनगर के गौरी बाजार का शैलेश गुप्ता, देवरिया के सोमनाथ नगर का अंशुमान सिंह और गोंडा का गगरौली निवासी रवि सिंह है। आरोपी शैलेश खाने का ठेला लगाता है। इनके खिलाफ गुडंबा के कल्याणपुर निवासी स्पोर्ट्स कॉलेज के पूर्व शिक्षक बेचे लाल वर्मा ने 46 हजार की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बैंक खाते को ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी की तलाश के दौरान पता चला कि ठगी के 46 हजार रुपये आरोपी शैलेश के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। खाते को ट्रेस कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।