चिकनकारी कंपनियों की फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार
लखनऊ। चिकनकारी कंपनियों की फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को एसटीएफ ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिये लोगों को झांसे में लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों में कोलकाता निवासी होटल मैनेजमेंट का छात्र मो. सईद हुसैन, बीकॉम का छात्र मो. जाबिर और 12वीं पास जैनब जाकिर है।
एसटीएफ में एएसपी विशाल विक्रम सिंह के मुताबिक सात अप्रैल को हजरतगंज स्थित मेहरकरी चिकन कंपनी के मालिक अथर्व आर्या ने हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों ने उनकी कंपनी के नाम पर एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर लोगों से कपडों का ऑनलाइन ऑर्डर लिया। कंपनी का नाम, जीएसटी नंबर व पते का उपयोग कर जाली दस्तावेज तैयार किए। ऑर्डर की इनवाइस लोगों को व्हाट्सएप पर भेजे थे। इसके जरिए पूरे देश में ठगी की थी।
पूछताछ में पता चला कि मो. सईद हुसैन की मौसी का बेटा जाबिर पूर्व में विप्रो कंपनी में नौकरी करता था। वह जालसाजी करने वाली कंपनी में भी काम कर चुका है। जाबिर वर्तमान में जाबिर हम्जा गारमेंट नाम से कंपनी बनाकर ऑनलाइन कपड़ों का ऑर्डर लेकर बेचने का काम कर रहा था। जाबिर ने सईद व उसकी महिला मित्र जैनब जाकिर को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चिकनकारी कंपनियों के नाम से फर्जी पेज बनाकर ऑनलाइन ठगी का तरीका सुझाया था। सईद व जैनब ने फेक पेज बनाए और जनवरी 2025 से ठगी कर रहे थे।
आरोपी नजाकत चिकन कंपनी की इंस्टा आईडी से कपड़ों की फोटो निकालकर द चिकनकारी व अन्य इंस्टा आईडी पर उसे पोस्ट कर ऑनलाइन ऑर्डर लेते थे। इसके लिए विभिन्न कंपनियों की जीएसटी नंबर व पते का दुरुपयोग करते थे। आरोपी यूवीआई और बैंक खाते में रकम मंगाते थे। आरोपियों को बैंक खाते उनका साथी रोहित मन्ना उपलब्ध कराता था। एसटीएफ आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।