श्री रामजन्म भूमि सेवा ट्रस्ट संस्थान के नाम पर फर्जी चंदा वसूली में पुलिस ने तीन को धर दबोचा है। तीनो के खिलाफ भंडारा, विसर्जन आदि खर्च के नाम पर अवैध चंदा वसूलने के आरोप में उतरौला कोतवाली की पुलिस ने केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। तीनों अभियुक्तों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
एसपी देवरंजन वर्मा ने शनिवार को बताया कि श्री रामजन्म भूमि सेवा ट्रस्ट के नाम से रशीद काटकर अवैध वसूली करने वाले तीन लोगों को उतरौला कोतवाली की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान नगर कोतवाली क्षेत्र के निवासी मोहम्मद यासीन, विजय व रुद्र कुमार के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्तों के पास से श्री रामजन्म भूमि सेवा ट्रस्ट संस्थान की रसीद भी बरामद की गई है।
प्रभारी निरीक्षक उतरौला कोतवाली डॉ. यूके राय ने बताया कि उतरौला कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी/तहसील प्रभारी हिंदू युवा वाहिनी दीपक कुमार चौधरी की तहरीर पर तीनों अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।