आलमबाग। आशियाना की पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में लगने वाली मंगल बाजार में पुलिसकर्मियों से मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार एक महिला समेत तीन आरोपियों ने बुधवार को थाने में माफी मांगी। पुलिस ने आरोपियों का माफी मांगते हुए वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रकाबगंज ताड़ीखाना निवासी अंकित जायसवाल और हरदोई के अतरौली निवासी रामकृष्ण के रूप में हुई है। इनके साथ अंकित की मां माया देवी को भी गिरफ्तार किया गया है। वीडियो में तीनों अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की बात कहते नजर आ रहे हैं।
मंगलवार शाम मंगल बाजार में दुकानों के कारण यातायात बाधित हो रहा था। इसे हटवाने के लिए बंगला बाजार चौकी प्रभारी संजय सरोज, सिपाही कंचन और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों से दुकानें हटाने के लिए कहा तो अंकित, उसकी मां माया देवी, रामकृष्ण और अन्य लोग उनसे अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में चौकी प्रभारी की तहरीर पर मंगलवार को ही नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।