मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सोमवार शाम फिर से किसी ने जान से मारने की धमकी देकर हड़कंप मचा दिया। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने बताया कि किसी बदमाश ने डॉयल 1112 के वाट्सएप नंबर पर मैसेज भेजकर धमकी दी थी।
उसने मुख्यमंत्री के अलावा कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी कुख्यात विकास दुबे को भी जान से मारने की बात कही। सुशांत गोल्फ सिटी की अहिमामऊ चौकी के प्रभारी विवेक कुमार चौधरी की तरफ से केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी कानपुर देहात के भोगनीपुर का रहने वाला है और इंटर की पढ़ाई कर रहा है। उसने ही सोमवार शाम चार बजे अपने मोबाइल नंबर 6393153985 से मैसेज भेजकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विकास दुबे को जान से मारने की धमकी दी थी।
क्राइम ब्रांच और सर्विलांस की टीम ने नंबर की पड़ताल करते हुए कानपुर देहात पहुंची तो पता चला आरोपी 16 वर्षीय छात्र है। पुलिस टीम उसे दबोचकर लखनऊ ले आई। हालांकि, किशोर ने धमकीभरा मैसेज भेजने की बात से इनकार किया है। उसने कहा कि किसी ने उसके मोबाइल फोन से मैसेज भेज दिया था।