लखनऊ में आयोजित सेमिनार में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स, नार्थ इंडिया काउंसिल द्वारा सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार 'राइजिंग यूपी-8 साल उन्नति के' विषय पर रहा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह शामिल हुए। इस दौरान राज्य में गवर्नेन्स, उद्योग, चिकित्सा, शिक्षा, कला, साहित्य, अभिनय, लेखन तथा कानून व्यवस्था के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
इस दौरान पशुपालन विभाग से डॉ नीलम, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग से एसके चौहान को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं के लिए सेवानिवृत्त आईएएस मनोज सिंह, सेवानिवृत्त आईएएस प्रवीर कुमार, पूर्व डीजीपी यूपी ओपी सिंह, प्रमुख सचिव पशुपालन, दुग्ध एवं मत्स्य विभाग के. रविंद्र नायक को लाइफटाइम अचीवमेंट से सम्मानित किया गया।
इन लोगों को किया गया सम्मानित
वहीं रोबोटिक एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों के लिए डॉ नीलम विनय को सम्मानित किया गया। रंगमंच के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए डॉ अनिल रस्तोगी, पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए धर्मेंद्र सिंह, क्राफ्ट पेपर के उत्पादन में उत्कृष्टता के लिए एसके अग्निहोत्री, सैडलरी और हार्नेस उद्योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सुशील मोहन टकरू, हिंदी साहित्य में उत्कृष्टता के लिए राजकुमार सिंह, मेडिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं नवाचार में उत्कृष्टता के लिए डॉ मयंक सोमानी, प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा लीडरशिप में उत्कृष्टता के लिए डॉ मंजूला गोस्वामी, पत्रकारिता एवं सम्पादकीय लीडरशिप में उत्कृष्टता के लिए प्रांशु मिश्रा को सम्मानित किया गया।
अन्नू अवस्थी को सम्मानित करते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
- फोटो : अमर उजाला
इनको भी किया गया सम्मानित
इसके अलावा रिटेल इन्फ्रास्ट्रक्चर गौरव के लिए संजीव सरन, मनोरंजन और संस्कृति के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए अन्नू अवस्थी, शैक्षणिक विकास में दूरदर्शी नेतृत्व के लिए पियूष सिंह चौहान, स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए संजय सिन्हा, साड़ियों के निर्माण के लिए शैलजा अरोरा, सेंटर फॉर एक्सीलेन्स फॉर आर्बिटेशन एंड मीडिएशन (सेमा) से प्रवीर कुमार, मनीष मेहरोत्रा तथा वाणिज्यिक विवाद समाथान में अग्रणी भूमिका का निर्वहन करने के लिए प्रशांत चंद्रा, युवा उद्यमी आशीष प्रताप सिंह, इमरजेंसी मेडिसिन सेवाओं के लिए डॉ लोकेंद्र गुप्ता को सम्मानित किया गया।
कृषि विज्ञान के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए प्रो. शालिनी सिंह बिसेन तथा इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के शिव सहाय अवस्थी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गीतकार, डायलॉग एवं स्क्रीन लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला को इंडस्ट्री लीडर्स एवं आईएसीसी लीडर्स द्वारा मुख्य अतिथियों द्वारा उ.प्र गौरव के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन एवं सेमिनार के कंवीनर मुकेश सिंह, डॉ उपासना अरोरा, एक्जीक्यूटिव काउंसिल मेंबर कशिश त्यागी, रीजनल डायरेक्टर एवं चैंबर के सदस्य सर्वेश अस्थाना, रीना सिंह, चेयरपर्सन, आईएसीसी, लखनऊ चैप्टर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
देश का नंबर वन राज्य बने यूपी- जितिन प्रसाद
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि उप्र को विकसित राज्य बनाने की हम सबकी जिम्मेदारी है। पिछले आठ सालों में यूपी ने प्रगति के सभी मापदंडों को पीछे छोड़ दिया है। 'आपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकवादी घटनाओं से अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पड़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तमाम चुनौतियों के बावजूद आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है। कई देश हमारे ऊपर निर्भर है। दूसरे देशों से संधि के दौरान आज भारत बराबरी की बात करता है। आने वाले समय में लखनऊ में निर्मित ब्रम्होस मिसाइलें सेना की ताकत को बढ़ाएंगी। पीलीभीत में टाइगर रिजर्व बन रहा है। यूपी को देश का अग्रसर राज्य बनाना हम सबका प्रयास है।
बेहतर कानून व्यवस्था से यूपी में आया बदलाव- ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कानून-व्यवस्था में सुधार को सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों में आठ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। एमएसएमई सेक्टर में दो करोड़ से अधिक युवा स्वरोजगार से जुड़े हैं। 96 लाख एमएसएमई यूनिट्स के साथ उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में अग्रणी है। निर्यात 86 हजार करोड़ से बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। पहले किसान आत्महत्या कर रहे थे। युवा अपनी पहचान को मोहताज थे। बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे। दंगों और अराजकता ने अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया था। आज ऐसा नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जल्द शुरू होगा। एमबीबीएस की सीटों में तीन गुना वृद्धि करते हुए इसकी संख्या 12 हजार कर दी गई है। बिजली, पानी, सड़क, अस्पताल, इन्फ्रास्ट्रक्चर आदि बेहतर बना है। प्राथमिक विद्यालयों में 1.40 करोड़ छात्रों को क्वालिटी एजूकेशन दे रहे हैं। ओडीओपी से पीलीभीत की बांसुरी, अमरोहा की ढोलक, भदोही की कालीन, प्रयागराज के अमरूद और प्रतापगढ़ के आंवला का मुरब्बा दुनिया में मशहूर हुआ।
व्यावसायिक खेती से किसानों को होगा लाभ
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि आठ वर्ष अपरिमित चुनौतियों, अनंत संभावनाओं और आपके सपनों को यथार्थ में परिवर्तित करने के लिए समर्पित रहे हैं। यूपी सरकार अन्त्योदय से सर्वोदय तक पहुंचने का प्रधानमंत्री का संकल्प पूरा करने के लिए परिश्रम कर रही है। उन्होंने पारंपरिक खेती के स्थान पर व्यावसायिक खेती पर बल देते हुए कहा कि कई जनपदों के किसान एक एकड़ खेती में 15-20 लाख रुपये तक की फसल पैदा कर रहे हैं। औषधीय फसलें, सब्जियां, मसाले, फूलों आदि की खेती करके अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।