लखनऊ। जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि आयकर विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची में कई नाम ऐसे हैं जो प्रथमदृष्टया पात्र प्रतीत हो रहे हैं। ऐसे लोगों का राशनकार्ड से नाम नहीं काटा जाएग, उन्हें खाद्यान्न भी दिया जाएगा।अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में घर में बाइक तक नहीं, अभिलेख में कार दिखाकर राशनकार्ड से काट दिया नाम शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें उन लोगों का जिक्र किया गया था जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, लेकिन पूर्ति विभाग द्वारा कोटेदारों को उपलब्ध कराई गई सूची में उनका नाम अधिक आय अथवा चार पहिया वाहन स्वामी की सूची में शामिल कर लिया गया है। डीएसओ ने इसका संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार उनके कार्यालय में भी कई लोग इस तरह के आए। जो छोटा कारोबार कर जीविका चलाते हैं। उनका नाम भी टर्नओवर के आधार पर आयकर दाता सूची में आ गया है। उनका नाम सूची से नहीं काटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी व्यक्ति का नाम अभी राशनकार्ड से नहीं काटा जाएगा। शपथ पत्र देने के बाद उन्हें खाद्यान्न भी उपलब्ध कराने के निर्देश कोटेदारों को दिए गए हैं।