फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: हादसे के बाद जागे जिम्मेदार, दरोगा-सिपाही निलंबित, सात के खिलाफ केस दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। दुबग्गा के शाहपुर भमराैली स्थित रसोई गैस के अवैध गोदाम में विस्फोट के बाद शनिवार को पुलिस और प्रशासन की टीम हरकत में आई। डीएम के निर्देश पर पूर्ति विभाग की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद गैस की अवैध रिफिलिंग करने वाले संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। उधर, डीसीपी पश्चिम ने मामले में लापरवाही उजागर होने पर हल्का दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया।
विज्ञापन



पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार चौरसिया की तहरीर पर गोदाम संचालक अशोक गुप्ता, उसके बेटे रोहित व अंकित के साथ ही विस्फोट में झुलसे मजदूर आदर्श विहार ठाकुरगंज निवासी मोहित गुप्ता, शोभित गुप्ता, सोमनाथ विश्वकर्मा और रंजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।



आरोप है कि गोदाम में घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडर की रिफिलिंग कर कालाबाजारी की जा रही थी। पुलिस आरोपी गोदाम संचालकाें की तलाश कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उधर, डीसीपी पश्चिम का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हल्का प्रभारी दरोगा राम सेवक राणा और सिपाही मनोज कुमार की लापरवाही सामने आई है। दोनों के क्षेत्र में अवैध गतिविधि चल रही थी। इसको लेकर दोनों को निलंबित किया गया है।
विज्ञापन


एसीपी मलिहाबाद करेंगे मामले की जांच



डीसीपी ने पूरे प्रकरण की जांच एसीपी मलिहाबाद को सौंपी है। डीसीपी का कहना है कि इंस्पेक्टर दुबग्गा और थाने के अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता की जांच की जाएगी। इनमें भी जिनकी लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। एसीपी अपनी जांच रिपोर्ट डीसीपी को देंगे।

पूर्ति विभाग की लापरवाही भी उजागर

इस घटना ने पूर्ति विभाग के अफसरों की लापरवाही भी उजागर की है। छह माह से गैस की कालाबाजारी हो रही थी, लेकिन विभाग के अफसरों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। यही वजह है कि संचालक का मनोबल बढ़ता गया। शहर के कई इलाके ऐसे हैं, जहां गैस की अवैध रिफिलिंग का काम अभी भी चल रहा है। पूर्ति विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने से भी कई सवाल उठ रहे हैं। विभाग एफआईआर दर्ज कराकर पल्ला झाड़ लेता है।

इलाके में दहशत, दिन भर लगी रही भीड़



अवैध गोदाम में विस्फोट के बाद शनिवार को भी इलाके में दहशत का माहौल रहा। लोग घटना स्थल पर जमे रहे। दिनभर विस्फोट को लेकर ही चर्चा रही। पुलिस ने गोदाम में रखे सारे सिलिंडर कब्जे में ले लिए हैं। इसके बावजूद स्थानीय लोगों के चेहरे पर डर का भाव देखने को मिला।



डरे हुए हैं मासूम, जले मिले कपड़े



विस्फोट में घायल पड़ोसी मोहम्मद सिराज के बेटे जीशान (5) और बेटी आयशा (7) के जले हुए कपड़े शनिवार को घटना स्थल पर मिले। दोनों का बलरामपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि बच्चों की हालत में सुधार हुआ है। हालांकि, दोनों डरे हुए हैं। घटना के समय भाई-बहन किराने की दुकान पर सामान लेने जा रहे थे।

यह है मामला



शाहपुर भमराैली में अशाेक गुप्ता अपने बेटों के साथ छह माह से रसोई गैस की अवैध रिफिलिंग का काम कर रहे थे। चार दिन पहले वह अपने गोदाम में शिफ्ट हुए थे। शुक्रवार देर शाम को गैस रिफिलिंग की जा रही थी। इसी बीच गैस लीक होने के कारण तेज धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि गोदाम के शटर के परखचे उड़ गए। हादसे में रिफिलिंग कर रहे चार मजदूर और गोदाम के बाहर से गुजर रहे दो बच्चे झुलस गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें