लखनऊ। गोमती नदी के किनारे झूलेलाल घाट पर लगने वाले कतकी मेले के लिए नगर निगम ने स्थल आवंटित कर दिया है। मेला 24 नवंबर से सात जनवरी तक चलेगा। इस बार मेले का टेंडर 4.61 करोड़ रुपये में हुआ है, जबकि पिछले साल यह 2.77 करोड़ रुपये में आवंटित हुआ था। इस तरह नगर निगम को पिछले साल के मुकाबले करीब 1.84 करोड़ रुपये अधिक मिले हैं।
कतकी मेले को बुड़क्की का मेला या गंगा स्नान मेला भी कहा जाता है। यह लखनऊ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मेले की परंपरा अवध के नवाबी दौर से जुड़ी है। परंपरागत रूप से कार्तिक पूर्णिमा पर गोमती नदी में स्नान के साथ मेले की शुरुआत होती है।
पहले यह मेला डालीगंज पुल और सूरजकुंड के आसपास लगता था। पिछले कई वर्षों से इसका आयोजन गोमती तट स्थित झूलेलाल वाटिका में किया जा रहा है। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।