लोक सेवा आयोग से चयनित डॉक्टरों की तैनाती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार व्यक्तिगत काउंसलिंग होगी। काउंसलिंग में दो हजार एमबीबीएस और 500 बीडीएस डॉक्टरों को मेरिट सूची के आधार पर मौका दिया जाएगा। एमबीबीएस डॉक्टरों को केवल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर तैनात किया जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर तैनात किया जाएगा। काउंसलिंग के दिन ही डॉक्टरों को चयनित चिकित्सा इकाई का पावती प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
आयोग से चयनित नए डॉक्टरों की तैनाती के लिए सभी जिलों के सीएमओ से उनके वहां रिक्त पदों की जानकारी मांगी गई है। इसकेलिए महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य ने सीएमओ और अपर मंडलीय निदेशकों को पत्र लिखा है। रिक्त पदों की जानकारी यूपी टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (यूपीटीएसयू) की मदद से विकसित वेब पोर्टल पर दी जाएगी। इससे जिलों में रिक्त पदों की सूचना अपने आप संकलित हो जाएगी।
नव चयनित डॉक्टरों के लिए इस बार ‘इन पर्सन काउंसलिंग’ की व्यवस्था की गई है। इसके लिए भी जिलों सें रिक्त पदों की जानकारी मांगी गई है। रिक्त पदों को काउंसलिंग में दर्शाया जाएगा। उसी के अनुसार डॉक्टरों को की तैनाती होगी। शासन स्तर पर पीएचसी-सीएचसी पर तैनाती का आदेश जारी होने से उनकी नियुक्ति के स्थानों को बदला नहीं जा सकेगा।
विज्ञापन
देवेश चतुर्वेदी
प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य