पिछले दो दिन बारिश होने के बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि नवंबर में इस बार अधिक ठंड पड़ेगी लेकिन मौसम विभाग ने इस कयास को सिरे से नकार दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर में रातें अपेक्षाकृत कम ठंडी रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई तो वहीं मौसम शुष्क रहा। अब आगे भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। प्रदेश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि दर्ज किए जाने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि इस बार मौसम को देखते हुए आम धारणा बन रही थी कि इस बार ठंड बहुत ज्यादा पड़ने वाली है लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है और नवंबर में रातें कम ठंडी होंगी। वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नवंबर में रात का औसत मासिक न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री दर्ज किया गया।