कोरोना संक्रमण की चुनौतियों के बीच इस बार दीपावली पर रामनगरी में दीपोत्सव भी कुछ खास होगा। समारोह में कम से कम लोग जमा हों, इसके लिए वर्चुअल दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं 10 लाख दीपक जलाकर 2019 में गिनीज बुक में दर्ज अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने की तैयारी है।
पर्यटन राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने बीते सप्ताह अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक की। इसमें कोरोना संक्रमण काल में वर्चुअल दीपोत्सव मनाने की योजना बनाई गई। पर्यटन विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है। दीपोत्सव के क्षेत्र का विस्तार करते हुए राम की पैड़ी के साथ रामकथा पार्क से चरण सिंह घाट तक दीप जलाने की तैयारी है।
अयोध्या के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव ने बताया कि थ्री डी टेक्नोलॉजी का उपयोग कर वर्चुअल दीपोत्सव मनाया जाएगा। लोगों के मोबाइल पर राम की पैड़ी पर जल रहे दीपकों की माला दिखाई देगी। माला पर क्लिक करते ही ये दीपक जगमगाने लगेंगे। मोबाइल पर दीपक जलते ही उसकी सूचना सॉफ्टवेयर को मिल जाएगी। सॉफ्टवेयर तुरंत ही संबंधित व्यक्ति को पर्यटन विभाग की ओर से दीपोत्सव में शामिल होने का प्रमाणपत्र मोबाइल पर जारी कर देगा। पर्यटन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में दीपोत्सव कैसे मनाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को समारोह से जोड़ा जा सके, इसके लिए योजना बनाई जा रही है। इसे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।