उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा
- फोटो : amar ujala
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए खंभों पर मीटर लगाने का सुझाव अच्छा है, इस पर अमल किया जाएगा। उन्होंने बिजली बिल की वसूली और अवैध कनेक्शन के खिलाफ कार्रवाई के लिए फील्ड में जाने वाले अभियंताओं को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने के आदेश भी दिए। साथ ही कहा कि अभियंताओं की विभागीय समस्याओं के हल के लिए समाधान शिविर भी लगाए जाने चाहिए।
डॉ. शर्मा शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ के वार्षिक महाधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यहां कर्मचारियों और अधिकारियों की कार्यशैली दूसरे राज्यों के मुकाबले काफी अच्छी है। बोर्ड परीक्षा का उदाहरण सामने है, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रोत्साहन देने से काफी अच्छे परिणाम मिले हैं।
डॉ. शर्मा ने बिजली इंजीनियरों की तुलना दीपक में जलने वाली रुई से करते हुए कहा कि वे खुद मुसीबत में रहकर पूरे प्रदेश को ऊर्जा देते हैं। इसलिए चेकिंग के दौरान विवाद होने पर उनके खिलाफ झूठे केस दर्ज नहीं होने देना चाहिए।
उन्होंने मंच पर ही मौजूद प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार से कहा कि वे वसूली के लिए जाने वाले अभियंताओं की सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंध करें। वेतन विसंगति व प्रोन्नति समेत सभी मांगें पूरी की जानी चाहिए। डॉ. शर्मा ने कहा कि बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए अनेक सुझाव आए हैं। इन्हें मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। उपभोक्ताओं के घर के बजाय खंभे पर मीटर लगाने का सुझाव भी है, जिस पर सरकार गंभीरतापूर्वक विचार करेगी। उन्होंने निजीकरण के सवाल पर अभियंताओं को मुतमईन करते हुए कहा कि कोई भी सुधार उनके आंसुओं की कीमत पर नहीं किया जाएगा। आपसी संवाद से प्रत्येक समस्या का हल निकाल लिया जाएगा। सरकार इंजीनियरों का बलिदान नहीं, बल्कि योगदान चाहती है।
बिजली व्यवस्था सुधरने से ही दुबारा बना लेंगे सरकार
ऊर्जा राज्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार को बिगड़ी हुई व्यवस्था विरासत में मिली है, जिसे पटरी में लाने में थोड़ा वक्त लगेगा। भ्रष्टाचार खत्म होने पर पावर कॉर्पोरेशन की वित्तीय हालत में सुधार आएगा। अगर बिजली व्यवस्था दुरुस्त हो गई तो भाजपा की दुबारा सरकार बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि अभियंताओं की जायज मांगों को जरूर पूरा किया जाएगा।