केजीएमयू के शताब्दी अस्पताल फेज वन में हरदोई के मरीज की पत्नी से गैंगरेप के तीसरे आरोपी लिफ्टमैन विनय को शनिवार शाम कैसरबाग इलाके से दबोच लिया गया। इंस्पेक्टर आईपी सिंह ने बताया कि पूछताछ में विनय ने जुर्म कुबूल किया है।
रविवार को उसे जेल भेजा जाएगा। इस बीच मेडिकल के चलते शनिवार को भी पीड़िता का मजिस्ट्रेट बयान दर्ज नहीं किया जा सका। इंस्पेक्टर का कहना है कि सोमवार को बयान की कार्रवाई की जाएगी। तब तक अस्पताल में भर्ती पीड़िता की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
इंस्पेक्टर ने बताया कि गैंगरेप की वारदात में शामिल दो आरोपी अस्पताल के गार्ड शिवकुमार और संतोष को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अलीगंज निवासी व पैंथर कंपनी का कर्मचारी विनय फरार था। विनय शताब्दी अस्पताल फेज वन की लिफ्ट चलाता था। उसकी तलाश में अलीगंज सहित अन्य ठिकानों पर दबिश दी गई लेकिन पता नहीं चला।
पुलिस ने उसके परिवारीजनों को पूछताछ के लिए उठाया लेकिन वह भी कुछ जानकारी नहीं दे सके। इस बीच शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कैसरबाग इलाके में विनय की मौजूदगी की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। विनय शहर से भागने के इरादे से कैसरबाग स्थित रोडवेज बस अड्डे पर आया था।
पूछताछ में उसने जुर्म कुबूल करते हुए माफी भी मांगी। उसे कोतवाली लाकर वारदात के बारे में पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि वारदात में शामिल तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अस्पताल प्रशासन से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मांगी गई है।