लखनऊ। अलीगंज स्थित केंद्रीय भवन के पास कंपोजिट वाइन शॉप का शटर तोड़कर चोर 40 हजार रुपये और शराब की बोतलें ले गए। उनकी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस केस दर्ज कर चोरों की तलाश में लगी है।
एसीपी अलीगंज अरीब खान ने बताया कि मदेयगंज के खदरा निवासी घनश्याम की चिल्ड बीयर एंड कंपोजिट वाइन शॉप के नाम से दुकान है। सोमवार रात डेढ़ से ढाई बजे के बीच चोरों ने दुकान पर धावा बोला। मंगलवार सुबह लोगों ने शटर टूटा देखकर दुकान के मालिक को सूचना दी। अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। एसीपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में तीन चोर दिखे हैं। केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में लगी है।