लखनऊ। एफसीआई उपकेंद्र के मोहान रोड स्थित सलेमपुर पतौरा इलाके से मंगलवार आधी रात करीब 12 बजे चोर 250 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी कर ले गए। इससे उपकेंद्र से जुड़े करीब 10 हजार घरों की बिजली गुल हो गई है। बिजली न होने से सुबह पानी की आपूर्ति भी नहीं हो सकी। 18 घंटे बाद बुधवार शाम छह बजे संबंधित इलाके की बिजली चालू हुई।
अधिशासी अभियंता अमित कुमार आनंद ने बताया कि चोरों ने पहले ट्रांसफार्मर को मिलने वाली 11 हजार वोल्ट की बिजली बंद की। इसके बाद उसे चबूतरे से गिराकर उसमें से तांबा निकाल ले गए। चोर ट्रांसफार्मर का खाली खोखा मौके पर ही छोडकर चले गए। कर्मियों को बुधवार सुबह 9 बजे घटना का पता चला। इससे विभाग को अनुमानित चार लाख रुपये की क्षति हुई है। सुबह सूचना दिए जाने के बाद शाम को पुलिस डॉग स्कवाॅयड लेकर जांच करने पहुंची। जांच के दौरान बिजली चालू नहीं हो सकी ।
लाइन में ओवरकरंट से धमाका
एक अभियंता ने बताया कि 11 हजार वोल्ट करंट की लाइन बंद करने के लिए चोरों ने उसके ऊपर लोहे की चेन फेंकी, जिससे जोरदार धमाका होने के बाद ओवरकरंट से पूरी बिजली बंद हो गई। इससे मोहान रोड के सलेमपुर पतौरा सहित आसपास के करीब दो किमी के दायरे में आने वाले घरों की बिजली गुल हो गई।
छह दिन में तीन घटनाएं, एफआईआर एक भी दर्ज नहीं
दुबग्गा खंड में छह दिन के भीतर ट्रांसफार्मर और एबीसी चोरी होने की तीन घटनाएं हो चुकी हैं, मगर स्थानीय थानों की पुलिस ने एक भी वारदात की एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस कर्मियों ने तहरीर लेकर रख ली और जांच का आश्वासन देकर अवर अभियंताओं को चलता कर दिया।
लाइन ट्रिप होने पर दोबारा चालू नहीं करते ऑपरेटर
बिजली विभाग के एक्सपर्ट ने बताया कि चोर ओवरहेड लाइन के करंट को खत्म करने के लिए लाइन पर चेन आदि फेंकते हैं। इससे जब लाइन ट्रिप होती है तो उपकेंद्र के ऑपरेटर को भी जानकारी मिलती है। ऑपरेटर तत्काल लाइन को दोबारा चालू कर दे तो घटना को अंजाम देने वाले को सबक मिलेगा, मगर ऑपरेटर ऐसा नहीं करते और न ही लाइनमैन तत्काल मौके पर जांच करने जाते हैं।
चोरी रोकने के लिए आज बैठक
अमौसी जोन के मुख्य अभियंता महफूज आलम ने बताया कि ट्रांसफार्मरों को गिराकर उनसे तांबे की चोरी रोकने के लिए बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता व अन्य जिम्मेदारों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में उनको एक्सपर्ट के जरिए जानकारी दी जाएगी।