राजधानी से चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरों ने पहले पड़ोसियों के घर बाहर से बंद किए। फिर एक घर में इत्मीनान से चोरी की। आठ लाख के गहने और नकदी उड़ा ले गए।
राजधानी लखनऊ में ठाकुरगंज के निवाजगंज टाउन हॉल निवासी पूनम सिंह के घर का ताला तोड़कर चोर ने लाखों के गहने और हजारों की नकदी पार कर दी। इससे पहले चोर ने आसपास के घरों के गेट बाहर से बंद कर दिए। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
विज्ञापन
पूनम के पति शैलेंद्र सिंह टीबी अस्पताल में भर्ती थे। बृहस्पतिवार रात पूनम और उनका बेटा अक्षित सिंह अस्पताल में थे। पूनम ने बताया कि चोर गेट का ताला तोड़कर कमरे में घुसे और बेड में रखे करीब आठ लाख के जेवर और 50 हजार रुपये चोरी कर लिए।
अक्षित ने बताया कि रात करीब 3.30 बजे घर में खटपट सुन स्थानीय लोगों ने उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने घरों के दरवाजों में बाहर से बंद बेलन खोले तब लोग बाहर निकल सके। शनिवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।