लखनऊ। गोसाईंगंज के सुरियामऊ गांव निवासी ममता यादव को उनके पति की मौत का डर दिखाकर ढोंगी बाबा व उसके चेले ने लाखों के जेवर और 25 हजार की नकदी पार कर दी। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
ममता के मुताबिक 23 दिसंबर को वह साईं मंदिर जा रही थीं। मंदिर के पास ढोंगी बाबा ने रोक लिया। तभी एक युवक भी वहां पहुंचा और बाबा के पैर छू कर बोला कि आपके मंत्र से मेरे सारे संकट कट गए हैं। फिर उसने बाबा को पांच सौ रुपये देने की कोशिश की। पर उसने नहीं लिए। इसके बाद युवक चला गया। कुछ देर बाद बाबा ने ममता से उनके पति की मौत होने और घर पर संकट आने की बात कही।
टप्पेबाज ने कहा कि घर में रखे सारे आभूषण खराब हो जाएंगे। संकट से निकालने के नाम पर उनके जेवर उतरवा लिए। यही नहीं, ममता घर से 25 हजार रुपये ले आईं और टप्पेबाज को दे दिए। जेवर व रुपयों को पोटली में बांधकर टप्पेबाज ने मंत्र पढ़ने का नाटक किया। फिर पोटली बदलकर थमा दी। घर पहुंचकर ममता ने पोटली खोली तो कंकड़-पत्थर निकले।