गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी के माईजी का पुरवा निवासी आशीष यादव के घर में घुसकर मंगलवार देर रात असलहाधारी बदमाशों ने लूटपाट की। अलमारी में रखे गहने व नकदी लूट ले गए। विरोध पर बदमाश उनकी पांच वर्षीय बेटी को भी उठा ले गए। कुछ दूर जाकर बदमाश बच्ची को छोड़कर भाग निकले। इससे पहले बदमाशों ने भवन ठेकेदार राजपाल रावत के घर में चोरी की थी। पुलिस आशीष के घर हुई घटना को चोरी बता रही है। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज की है।
फल विक्रेता आशीष यादव ने बताया कि मंगलवार रात करीब दो बजे छत के रास्ते चार नकाबपोश उनके घर में दाखिल हुए। पत्नी नीतू व बेटी काव्या (5) कमरे में सो रही थीं। वह दूसरे कमरे में थे। बदमाशों ने उनके कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी और बगल के कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे पांच लाख के जेवर उठा ले गए। दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर पत्नी नीतू उठ गईं। बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने नीतू पर असलहा तान दिया। बदमाश उनकी बेटी को भी अगवा कर ले गए। नीतू ने दरवाजा खोलकर आशीष को बाहर निकाला। आशीष ने फोन कर पड़ोसी को बुलाया और बाइक से बदमाशों का पीछा किया।
ठेकेदार के घर में भी की चोरी
आशीष यादव के घर में वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाश गांव में रहने वाले भवन ठेकेदार राजपाल रावत के घर से आठ लाख के जेवर और 90 हजार रुपये चोरी कर ले गए। चोर उनके घर भी छत के रास्ते घुसे थे। बुधवार सुबह राजपाल रावत को घर में चोरी का पता चला।
घर से कुछ दूरी पर ही बच्ची को छोड़ गए
आशीष का आरोप है कि दो बाइक सवार चार बदमाश उनकी बेटी को अगवा कर साथ ले गए और कुछ दूरी पर सुनसान जगह पर छोड़कर भाग गए। उन्होंने पड़ोसी की मदद से बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों ने डराने के लिए हवाई फायरिंग की।
n लूटपाट, फायरिंग व अपहरण से पुलिस ने किया इन्कार : एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार के अनुसार, आशीष और राजपाल ने चोरी की तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। प्राथमिक जांच में आशीष यादव के घर लूटपाट, बेटी को अगवा करने और फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। चोरी कर भागते समय आशीष की पत्नी जग गई थीं। महिला ने पकड़ने का प्रयास किया तो चोरों ने बचाव में पास में ही खड़ी उनकी बेटी को पकड़ लिया था। हालांकि चोर उनकी बेटी को वहीं छोड़कर भाग गए थे।