पैसेंजर ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई है।
कोहरे के कारण रेलवे ने 21 से 30 दिसंबर तक जिन ट्रेनों को रद्द करने का आदेश दिया था उन्हें अब 15 जनवरी तक निरस्त कर दिया गया है।
इन ट्रेनों में सुल्तानपुर पैसेंजर और कानपुर मेमू भी शामिल हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि निरस्त होने वाली सभी ट्रेनें पैसेंजर और मेमू हैं।
कोहरे के कारण इन ट्रेनों का संचालन बुरी तरह लड़खड़ा गया था। सुल्तानपुर पैसेंजर रद होने के कारण बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुल्तानपुर जाने के लिए यात्री बसों का सहारा ले रहे हैं। इसके अलावा लखनऊ-प्रतापगढ़ पैसेंजर और लखनऊ-बाराबंकी मेमू के रद होने की वजह से भी यात्री परेशान हो रहे हैं।
दैनिक यात्री अधर में
इस बार आम यात्रियों के ट्रेनों के पहिए थमने से दैनिक यात्री बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। लखनऊ से कानपुर, प्रयाग, बाराबंकी और सुल्तानपुर जाने वाले करीब दो हजार दैनिक यात्रियों के लिए रेलवे का विकल्प ही समाप्त हो गया है।
पहले रेलवे ने 30 दिसंबर तक इन ट्रेनों को रद करने का आदेश दिया था, अब इसकी अवधि 15 जनवरी तक बढ़ाए जाने से यात्री परेशान हैं।