लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में कुलपति कार्यालय में तैनात कर्मियों को बिना विनियमितीकरण पेंशन और भत्ते देने का मामला मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंच गया है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव ने शासन स्तर से टीम गठित कर जांच कराने का आदेश दिया है।
अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट से पूर्व भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा ने मुख्यमंत्री के पास भेजी अपनी शिकायत में कहा है कि केजीएमयू में छह तदर्थ कर्मचारियों को नियमों को दरकिनार कर सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और भत्तों का लाभ दिया गया है। कई जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इस मामले की शिकायत की गई। यह भी आरोप है कि इस मामले में कूटरचित सर्विस फाइल तैयार की गई है।शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री के पास शिकायत भेजी गई। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर जांच कराने के आदेश दिया है। वहींए केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह का कहना है कि लोकहित में नियमों को ध्यान में रखते हुए ही कर्मियों को लाभ दिया गया है।