लखनऊ। वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं पर संज्ञान लेते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं।
अस्पताल में प्राइवेट एंबुलेंस वालों के साथ अस्पताल प्रशासन की सांठगंठ की भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद मंडलीय अपर निदेशक, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को आकस्मिक निरीक्षण कर एक सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार राम सागर मिश्र 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय साढ़ामऊ बीकेटी में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विजय कुमार वर्मा का 14 दिसंबर 2024 को सोनभद्र तबादला किया गया था। डॉ. वर्मा ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया और अनुपस्थित हो गए। उच्चादेशों की अवहेलना करने व अनुशासनहीनता करने पर डॉ. वर्मा को तत्काल निलंबित कर मिर्जापुर स्थित मंडलीय अपर निदेशक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।