लखनऊ। महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ शनिवार व रविवार को रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर उमड़ेगी। ऐसे में जीआरपी-आरपीएफ जवानों को मुस्तैदी से डटने के निर्देश दिए गए हैं। स्पेशल ट्रेनें और अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी।
लखनऊ से बड़ी संख्या में श्रद्घालु प्रयागराज जा रहे थे। माघी पूर्णिमा स्नान के बाद से श्रद्घालुओं की भीड़ में कमी दर्ज की गई। महाकुंभ से लौटने वालों की भीड़ जारी रही। वहीं, भीड़ से बचने के लिए जो श्रद्घालु स्नान के लिए नहीं जा रहे थे, वे अब महाकुंभ जा रहे हैं।
शनिवार व रविवार को वीकेंड पर श्रद्घालुओं की भीड़ चारबाग रेलवे स्टेशन सहित आलमबाग बस अड्डे, कमता व कैसरबाग बस अड्डों पर उमड़ने की संभावनाएं अफसर जता रहे हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चारबाग स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ जवानों को अतिरिक्त रूप से तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में आलमबाग से अतिरिक्त बसों को भी यात्रियों की डिमांड पर रवाना किया जाएगा।
नियमित से स्पेशल ट्रेनें तक फुल
महाकुंभ जाने वालों की ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। बरेली प्रयागराज एक्सप्रेस की स्लीपर में 187, थर्ड एसी में 86, सेकंड में 40 वेटिंग चल रही है। नौचंदी एक्सप्रेस की स्लीपर में स्लीपर से लेकर एसी बोगियों तक में टिकट नहीं मिल रहे हैं। लखनऊ प्रयागराज इंटरसिटी की चेयरकार में 95, गंगा गोमती एक्सप्रेस की चेयरकार में 92 वेटिंग चल रही है। 04526 फाफामऊ कुंभ स्पेशल में रिजर्वेशन ही बंद कर दिया गया है। 04601 फाफामऊ कुंभ स्पेशल भी फुल है। हालांकि 04408 फाफामऊ कुंभ स्पेशल की स्लीपर में 23, थर्ड एसी में 40, सेकेंड में 24, फर्स्ट एसी में तीन सीटें रिक्त हैं। त्रिवेणी एक्सप्रेस शनिवार को निरस्त है। रविवार को सौ वेटिंग चल रही है।