लखनऊ। नक्खास में शुक्रवार पूरी रात और शनिवार को गणेशगंज में पूरे दिन बत्ती गुल रही। इससे घरों व दुकानों में लगे इनवर्टर भी चलते-चलते ठंडे हो गए, मगर बिजली नहीं आई।
नक्खास के शाहगंज निवासी अनिल चौरसिया, संजय, रवि यादव ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे दो फेज की बिजली बंद हो गई। उपकेंद्र पर शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं हुई। फिर रात दो बजे बाकी घरों की बिजली भी गुल हो गई। लोगों को पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। करीब 15 घंटे बाद दोपहर तीन बजे बिजली चालू हो सकी। एसडीओ गुलरेज अली ने बताया कि 50 मीटर लंबी एबीसी में आग लगने के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कत हुई। उनका दावा कि यह एबीसी तो सुबह 4:30 बजे बदल गई थी। लेकिन, जनता को बिजली नहीं मिली, इसका उनके पास कोई जवाब नहीं था।
300 घरों-दुकानों की आठ घंटे बिजली ठप
जीटीआई उपकेंद्र के गणेशगंज इलाके में शनिवार को ट्रांसफार्मर में खराबी से 300 घरों व दुकानों की बिजली आठ घंटे ठप रही। जेई प्रखर सिंह ने बताया कि 1000 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए सुबह 11:30 बजे बिजली बंद की गई थी। शाम 7:30 बिजली चालू हो सकी।
बिजली को तरसी दो लाख की आबादी
माल। रहीमाबाद ट्रांसमिशन उपकेंद्र से माल तक आने वाले 33 केवी भूमिगत केबल में फिर आए फॉल्ट से दो लाख की आबादी बिजली को तरस गई। अवर अभियंता त्रिभुवन राज ने बताया कि शनिवार सुबह 6:30 बजे गहदेव गांव के पास केबल में डबल फॉल्ट आ गया। देर रात टीम फॉल्ट खोजने और बनाने में जुटी रही। इससे नबी पनाह ,अटारी, शंकरपुर , नरायनपुर ,मंझी , गहदेव ,और माल फीडर से जुड़े कस्बे समेत लगभग 150 गांवों के उपभोक्ता बिजली ,पानी और गर्मी से परेशान रहे। भाकियू लोकतांत्रिक गुट के जिलाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि 33 केवी लाइन अक्सर खराब हो जाती है। जिससे फलपट्टी के किसान समय पर बागों की सिंचाई न कर पाने से परेशान हैं।