मासिक शैक्षिक कैलेंडर में प्री-बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था ही नहीं
लखनऊ। यूपी बोर्ड ने विषयवार मासिक शैक्षिक कैलेंडर तो जारी कर दिया, लेकिन उसमें हाईस्कूल व इंटर के छात्रों के लिए होने वाली प्री-बोर्ड परीक्षा का जिक्र नहीं है। जबकि बाकी परीक्षाओं के लिए निर्देश हैं। इसे लेकर शिक्षकों में दुविधा है।
पहली बार यूपी बोर्ड ने विषयवार मासिक शैक्षिक कैलेंडर जारी किया है। इसके अंतर्गत हर विषय के बारे में जानकारी दी गई है कि शिक्षकों को किस माह पाठ्यक्रम का कौन सा हिस्सा पढ़ाना है। मासिक परीक्षा कब लेनी है, पाठ्यक्रम कब पूरा करना है, अभ्यास कब कराना है और वार्षिक परीक्षा कब होगी, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई है। हाईस्कूल व इंटर के अलावा कक्षा नौ और 11 के विषयों का भी मासिक शैक्षिक कैलेंडर जारी किया गया है। मासिक कैलेंडर में पूरे पाठ्यक्रम को माहवार बांटा गया है। इससे शिक्षकों को पाठ्यक्रम पूरा कराने में आसानी तो होगी ही, साथ ही छात्रों को भी इस बात की जानकारी होगी कि किस माह उन्हें पाठ्यक्रम का कितना हिस्सा तैयार कराना है। मासिक और अर्द्घवार्षिक परीक्षा में पाठ्यक्रम के कितने हिस्से से प्रश्न पूछे जाएंगे। लेकिन इस मासिक शैक्षिक कैलेंडर से हाईस्कूल और इंटर के शिक्षक दुविधा में पड़ गए हैं। कैलेंडर में सभी परीक्षाओं का जिक्र है लेकिन प्री-बोर्ड परीक्षा का जिक्र नहीं है। जबकि राजधानी में यूपी बोर्ड के स्कूलों को दो बार प्री-बोर्ड परीक्षा करानी है। एक का भी जिक्र नहीं है।
दिसंबर व जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षा
राजधानी में यूपी बोर्ड की परीक्षा दिसंबर और जनवरी के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित है। गत वर्ष पहली बार राजधानी में ही इस व्यवस्था को लागू किया गया जिसके बाद बाकी जनपदों ने भी इसे अपनाया। लेकिन मासिक शैक्षिक कैलेंडर में जनवरी में छात्रों को रिवीजन कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं दिसंबर में पाठ्यक्रम के जिस हिस्से को पढ़ाया जाएगा, उसके बारे में जानकारी दी गई है। प्री-बोर्ड परीक्षा का जिक्र न होने से शिक्षक असमंजस में हैं।
शिक्षकों को दिए जाएंगे निर्देश
इस बार भी दो बार प्री-बोर्ड परीक्षा होंगी जो दिसंबर व जनवरी के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित हैं, सभी स्कूलों को निर्देश दिए जाएंगे, साथ ही मासिक शैक्षिक कैलेंडर में उसे समाहित करने का निर्देश भी दिया जाएगा। शिक्षक पहले पाठ्यक्रम पूरा करा सकते हैं।
- डॉ. मुकेश सिंह, डीआईओएस