लखनऊ। विभूतिखंड, गुडंबा और सरोजनीनगर में चार घरों से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी हुई है। चोर सीसीटीवी कैमरों में दिखे हैं। पीड़ितों ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विभूतिखंड के वास्तुखंड निवासी सदानंद साहू ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल में रही रहीं मां की देखभाल के लिए उनके पास गए थे। 28 अगस्त की रात घर में घुसे चोरों ने आभूषण चुरा लिए। वह 30 अगस्त को लौटे तो चोरी का पता चला। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गुडंबा के कल्याणपुर निवासी प्रेम प्रकाश राय के घर से सोमवार रात 70 हजार रुपये और 9.75 लाख रुपये के जेवर चोरी हुए। उसी रात आनंद कुमार गुप्ता के मकान से 50 हजार रुपये और जेवर चुराए गए। घटना के समय दोनों घर पर नहीं थे। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है।
इसके अलावा चोरों ने सरोजनीनगर निवासी महेश यादव के घर से 20 अगस्त की रात 25 हजार रुपये और कीमती सामान चुरा लिया। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।