लखनऊ। पीजीआई इलाके में रहने वाले एक सैन्यकर्मी के घर से लाखों के गहने व नकदी चोरी हो गई। पीड़ित का आरोप है कि चौकी इंचार्ज तहरीर में चोरी की रकम कम दिखाने का दबाव डाल रहे हैं।
पीजीआई इलाके के वृंदावन सेक्टर 7 में नीरज कुमार सिंह बहन के घर में रहते हैं। उनके जीजा सैन्यकर्मी हैं और वह अंबाला में तैनात हैं। नीरज के मुताबिक 25 अक्तूबर को दोपहर वह बहन को छपरा (बिहार) छोड़ने गए थे। शुक्रवार को घर लौट तो गेट पर तो ताला लगा था मगर कमरों के लॉक टूटे मिले। घर से छह लाख रुपये नकदी और पांच लाख रुपये कीमत के गहने चोरी हो गए थे।
नीरज ने बताया कि अगले माह उनकी शादी है। इसी के लिए नकदी व गहने घर में रखे थे। नीरज का आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। उनका आरोप है कि साउथ सिटी चौकी प्रभारी ने तहरीर में चोरी की रकम कम लिखकर देने की बात कही है।
विकासनगर सेक्टर 12 निवासी मो. इदरीश डाक विभाग से सेवानिवृत्त हैं। 20 अक्तूबर की सुबह 11:15 बजे वह घर में ताला लगाकर नमाज पढ़ने गए थे। दोपहर में लौटे तो पता चला कि घर में चोरी हो गई। इदरीश के मुताबिक घर से 3.95 लाख रुपये नकदी और करीब 95 ग्राम के सोने के जेवर चोरी हुए हैं। सात दिन टालमटोल करने के बाद शुक्रवार को विकासनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।