रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना लालगंज (आरेडिका) के पांच अधिकारियों के आवासों के ताले बुधवार रात तोड़कर चोरों ने करीब 10 लाख का माल पार कर दिया। तीन खाली आवासों को भी निशाना बनाया। चोरी की बढ़ती वारदातों से कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। हंगामा व प्रदर्शन करते हुए जीएम दफ्तर का घेराव किया। जीएम ने सुरक्षा मुहैया कराने का भरोसा देते हुए दो घंटे बाद लोगों को शांत कराया। पुलिस ने घटना की जांच की।
बुधवार रात 12 बजे के बाद चोरों ने आरेडिका के अंदर घुसकर एक के बाद आठ आवासों के ताले तोड़ दिए। तीन आवास खाली थे जबकि पांच अधिकारियों के आवासों से नकदी, जेवरात समेत अन्य सामान पार कर दिया। जिन आवासों में चोरी हुई है, उनमें अमन चतुर्वेदी, बृजनंदन सोनकर, दिलीप, रामवृक्ष यादव व जयराम मीना रहते हैं।
ये सभी आरडेकिा में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। बृहस्पतिवार सुबह आवासों के ताले टूटे मिलने से कर्मचारी आक्रोशित हो उठे। सभी ने जीएम दफ्तर का घेराव किया। आरोप लगाया कि रविवार की रात भी 15 से ज्यादा आवासों से 50 लाख की चोरी हुई थी।
कर्मचारियों ने कहा कि आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से हम लोग भयभीत हैं। सभी ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद करने की मांग की ताकि चोरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
जीएम प्रशांत कुमार मिश्रा ने परिसर की सुरक्षा कराने का भरोसा देकर सभी को शांत किया। चोरी की वारदात की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार को चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
सीतापुर व लखीमपुर खीरी का चोर गैंग वारदातों को दे रहा अंजाम....
रायबरेली। आरेडिका में हुई चोरी की घटनाओं में सीतापुर व लखीमपुर खीरी जिले के गैंग के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। वजह इन दो जिलों में जिस तरह बेखौफ होकर चोर गैंग के सदस्य वारदातों को अंजाम देते हैं, बिल्कुल उसी अंदाज में आरेडिका में भी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। पुलिस का मानना है कि आरपीएफ की सुरक्षा होने के बाद भी चोरों में भय नहीं दिख रहा है।
जिले में हर दिन कहीं न कहीं चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इससे आम आदमी का चैन छिन गया है। साथ ही पुलिसिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। खासकर अब चोर आरेडिका जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में भी घटनाओं को बड़े आराम से अंजाम दे रहे हैं। इससे आरेडिका में रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की नींद हराम हो गई है।
पुलिस अफसरों ने बृहस्पतिवार को आरेडिका पहुंचकर घटना की जांच की। शुरुआती जांच में इस बात के संकेत मिले कि चोरी करने वाला गैंग बाहरी है। यह गैंग सीतापुर व लखीमपुर खीरी का हो सकता है क्योंकि पुलिस का मानना है कि इन दो जिलों में चोरी करने वाला गैंग बड़ा निर्भीक होता है।
गैंग के सदस्यों में डर नहीं रहता। अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि चोरी करने वाला गैंग बाहरी लग रहा है। चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। एसओजी टीम भी लगाई गई है। जल्द चोरों को पकड़ा जाएगा।