राम मंदिर चढ़ावा चोरी की शुरुआती जांच में एसआईटी (विशेष जांच दल) को वित्तीय लेनदेन में कई खामियां मिली हैं। जांच टीम अब ऑडिट संबंधी दस्तावेज कब्जे में लेकर गड़बड़ियों का सत्यापन कर रही है। वहीं, एसआईटी की पूछताछ के बीच निर्माण सहायक गोपाल राव अयोध्या से बाहर चले गए हैं। उनके कर्नाटक या दिल्ली बुलावे की चर्चा है।
आठ लाख की रोज चोरी...पहले 18 अब 26 लाख रुपये तक हो रहे जमा
अयोध्या। चोरी का मामला सामने आने से पहले ट्रस्ट के एसबीआई व पीएनबी बैंक खातों में रोज 16 से 18 लाख रुपये तक जमा हो रहे थे। वहीं, अब यह राशि 24 से 26 लाख तक पहुंच गई है। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि पहले रोज 6 से 8 लाख की चोरी हो रही थी। एसआईटी ने इसे भी जांच का हिस्सा बनाया है।
श्रद्धा पर आघात...दोषियों को मिले कठोर दंड : संघ
चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चुप्पी तोड़ते हुए संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि इस घटना से समूचे हिंदू समाज और रामभक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुंचा है। इससे हम सभी आहत हैं। यूपी सरकार की एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें कठोर दंड मिले।
इंद्रेश ने भी किया समर्थन
संघ के नेता इंद्रेश कुमार ने भी होसबाले के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार्यवाह की आवाज देशभर के करोड़ों लोगों की भावनाओं को दर्शाती है। उन्होंने मामले का राजनीतिकरण न करने की अपील की और कहा कि सरकार, संगठन और ट्रस्ट निश्चित रूप से न्याय करेंगे। हमें इस पर विश्वास करना चाहिए और इंतजार करना चाहिए।