चोरी के बाद सिपाही के मकान में बिखरा पड़ा सामान।
लखनऊ। दुबग्गा के बसंतकुंज सेक्टर-डी निवासी सिपाही राजेंद्र कुमार गौतम के घर में घुसकर चोर सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 1.20 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। उन्होंने रविवार को एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक, सिपाही राजेंद्र कुमार गौतम वर्तमान में बहराइच जिले में तैनात हैं। वह अपनी मां के इलाज के लिए शुक्रवार को मकान बंद कर बाहर गए थे। इसी दौरान देर रात चोर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी व अन्य सामान खंगाल डाला। अलमारी में रखे करीब 1.20 लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सिपाही के अनुसार, चोरी हुए जेवरात में करीब 10 ग्राम की सोने की अंगूठी, 20 ग्राम की चेन, 50 ग्राम का मंगलसूत्र, 10 ग्राम के झुमके और करीब 20 ग्राम के अन्य सोने के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के जेवरात भी चोरी हुए हैं। शनिवार रात जब वह लौटे तो चोरी का पता चला। एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
चोरी के बाद सिपाही के मकान में बिखरा पड़ा सामान।
चोरी के बाद सिपाही के मकान में बिखरा पड़ा सामान।