चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर खंगाला।
मोहनलालगंज। क्षेत्र के ज्योतिनगर रोड स्थित फुलवरिया निवासी भाजपा मंडल मंत्री विमलेश शर्मा के घर का ताला तोड़कर चोर करीब पांच लाख रुपये के जेवरात और पांच हजार रुपये चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह पड़ोसी ने फोन कर उन्हें चोरी की जानकारी दी।
पुलिस ने भाजपा नेता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। विमलेश शर्मा शुक्रवार को अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए मौसी के घर चुरुवा, रायबरेली गई थीं। इस बीच चोरों ने उनके मकान पर धावा बोल दिया। शुक्रवार रात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे। उन्होंने अलमारी और बक्से के ताले तोड़कर जेवर व नकदी पार कर दी। विमलेश के अनुसार, चोर सोने का हार, झाले, चेन, तीन अंगूठियां, नाक की बेजर, मांगटीका, छोटी नथुनी और जोड़ा वाली नथ समेत अन्य जेवरात ले गए।
इसके अलावा चांदी की पायल, हाफ पेटी, दो जोड़ी पायल और चांदी की चेन भी चोर समेट ले गए। बक्से में रखे उनकी मां की पेंशन के पांच हजार रुपये भी गायब थे। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके पर जांच की। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से चोरों की जानकारी जुटाई जा रही है।
चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर खंगाला।