लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने रविवार को खड़ी एक विधायक की कार का शीशा तोड़कर बदमाशों ने बैग उड़ा लिया। कार कानपुर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हाजी इरफान सोलंकी की है।
विधायक के मुताबिक, बैग में 50 हजार रुपये व मोबाइल था। बदमाश कार की नंबर प्लेट भी उखाड़ ले गए। विधायक ने केस दर्ज कराया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर रामसूरत सोनकर के मुताबिक, विधायक हाजी इरफान सोलंकी रविवार देर शाम जयपुरिया स्कूल के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में परिवार संग खाना खा रहे थे। उनकी कार रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी थी।
कार में विधानसभा पास भी लगा था। कुछ देर बाद वह खाना खाकर निकले तो कार का शीशा टूटा देखकर होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि कार में रखा कीमती मोबाइल, पर्स और बैग गायब था। पर्स में 50 हजार रुपये और बैग में लैपटाप था।