लखनऊ। केजीएमयू के डॉक्टर के आवास पर चोरों ने धावा बोला और 50 हजार की नकदी और सात लाख के जेवर उठा ले गए। आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस मामले को टालने में लगी है। केजीएमयू के डॉ. श्याम विनय शर्मा पत्नी संग ठाकुरगंज के नैपियर रोड सचिवालय कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। उनकी पत्नी भी डॉक्टर हैं।
दंपती 25 नवंबर को आगरा गए थे। एक दिसंबर की शाम को लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा था। अलमारियों में रखा सामान अस्त व्यस्त था। चोर घर से 50 हजार रुपये और सात लाख के जेवरात चोरी कर ले गए थे। चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और वाईफाई का बॉक्स तक उखाड़ ले गए थे। आरोप है कि सूचना के अगले दिन ठाकुरगंज पुलिस पहुंची और जांच कर चली गई। कहने के बाद भी फोरेंसिक टीम को नहीं बुलाया। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।