काकोरी। मोहान रोड स्थित पानखेड़ा गांव के पांच घरों में बुधवार रात को चोर घुस गए और जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह नींद खुली तो वारदात के बारे में जानकारी हो सकी। पीड़ित देशराज, अमर सिंह, पवन, मुकेश व अनिकेत ने मुकदमा दर्ज कराया है। पानखेड़ा गांव निवासी देशराज के मुताबिक, चोरों ने उनके घर से पत्नी लक्ष्मी व बहू सोनी के दो जोड़ी झुमके, सोने के हार, दो कमर पेटी, दो जोड़ी पायजेब, नथुनी, मांग टीका, दो जोड़ी पायल, पांच जोड़ी बिछिया, बेटे की सोने की चेन, पोते की दो करधनी व चांदी का खगौड़ा और 28 हजार रुपये नकदी साफ कर दी।
इसके अलावा गांव के अमर सिंह के दरवाजे की कुंडी काटकर सोने के बाला, नथनी व नकदी चोरी कर ली। वहीं, पवन के घर से चांदी और नकदी साफ कर दी। उधर, मुकेश व अनिकेत के घर से चोरों ने चांदी व नकदी उड़ाई है।
वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस पर खासी नाराजगी जाहिर की। इलाके में पुलिस की गश्त तेज करने की मांग की है। इंस्पेक्टर काकोरी विजय यादव के मुताबिक, केस दर्ज कर पड़ताल की जा रही है।