अंबेडकरनगर। धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 25 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। घटना टांडा थाना अंतर्गत चौक क्षेत्र की है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
अकबरपुर के शहजादपुर निवासी मोहम्मद इकबाल पुत्र शमशाद शनिवार को चौक के एक एटीएम से कैश निकालने गए। एटीएम बूथ में पहले से ही एक युवक खड़ा था। उसने बताया कि पैसा नहीं निकल रहा है। इकबाल ने कहा कि कहीं कोई सूचना तो नहीं लिखी है कि पैसा नहीं है।
इस पर उस युवक ने कहा कि हमारे एटीएम से तो नहीं निकला। लाओ अपना एटीएम हमें दो, शायद उससे निकल आए। इस पर इकबाल ने उसे अपना एटीएम कार्ड दे दिया।
इसी बीच उस युवक ने एटीएम कार्ड बदल दिया और कहा कि पैसा नहीं निकल रहा। इसके बाद इकबाल वहां से लौट आए। आधे घंटे बाद उनके मोबाइल पर 25 हजार रुपये निकालने जाने का मैसेज आया।
ये देख वह सन्न रह गए। जब उन्होंने एटीएम कार्ड देखा, तो वह उनका नहीं था। इकबाल ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।