लखनऊ। गौतमपल्ली में लामार्टीनियर चौराहे के पास मंगलवार सुबह 40 वर्षीय युवक ने खुद व परिवार पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। गौतमपल्ली पुलिस ने समय रहते इन्हें रोक लिया और पूछताछ के बाद चिनहट पुलिस के हवाले कर दिया।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल के मुताबिक, मूलरूप से बहराइच के विशेश्वरगंज निवासी युवक परिवार के साथ चिनहट में किराये पर रहता है। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे वह बाइक से पत्नी व बच्चों के साथ लामार्टीनियर चौराहे पर पहुंचा। यहां उसने साथ लाए झोले से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल निकाली। अपने व परिवार के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर माचिस निकाल ली।
यह देख चौराहे के पास मौजूद पुलिसकर्मियों ने दौड़कर युवक को रोक लिया। परिवार को लेकर पुलिस गौतमपल्ली थाने पहुंची। पूछताछ के बाद सभी को चिनहट पुलिस को सौंप दिया। एसीपी ने बताया कि युवक जिस मकान में रह रहा था, उसके मालिक को किराया नहीं दे रहा था। मालिक ने जब मकान खाली करने की बात कही तो युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक युवक ने मकान मालिक पर प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी।